प्रभारी प्रधानाध्यापिका निलंबित

 आगरा, वरिष्ठ संवाददाता। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को जनसुनवाई के बाद छीपीटोला और रोहता स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वे खुद चॉक उठाकर बच्चों के बीच ब्लैकबोर्ड के पास खड़े हो गए। उन्होंने पढ़ाना शुरू कर दिया। वहीं, दूसरी ओर रोहता के विद्यालय में गंभीर अव्यवस्थाएं मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

सर्वप्रथम जिलाधिकारी छीपीटोला स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। यहां कक्षाएं व्यवस्थित रूप से संचालित थीं। उन्होंने कक्षा-3 में बच्चों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक क्षमता परखी। ब्लैकबोर्ड पर स्वयं लिखकर बच्चों से प्रश्न पूछे और सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों की पीठ थपथपाई। बच्चों ने हिंदी और अंग्रेजी की पुस्तकें पढ़कर सुनाईं, गिनती और पहाड़े भी सुनाए, जिससे जिलाधिकारी काफी संतुष्ट दिखे। स्वयं मिड-डे मील चखकर भोजन की गुणवत्ता भी परखी। विद्यालय में 146 छात्र नामांकित हैं, जहां दो शिक्षक और तीन शिक्षामित्र कार्यरत हैं। उन्होंने पुस्तकालय में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए एलईडी लाइट लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद वे पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय, रोहता पहुंच गए। यहां रसोई में खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध नहीं मिली, साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि विद्यालय स्टाफ बच्चों के साथ मिड-डे मील नहीं खाता, बल्कि घर से लाया भोजन करता है। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट क्लास में नई स्मार्ट टीवी रखी मिली, लेकिन उसका उपयोग नहीं हो रहा था। खेल सामग्री और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का भी बच्चों द्वारा उपयोग नहीं कराया जा रहा था। परिसर में साफ-सफाई की कमी और कक्षा अवधि के दौरान बच्चों के बाहर खेलने जैसी लापरवाही भी सामने आई। जिलाधिकारी ने इन सभी बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन से जवाब-तलब किया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए उन्होंने विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुनीता सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही उनके विरुद्ध आरोप पत्र जारी कर शासन को रिपोर्ट भेजने के लिए निर्देशित किया है।




प्रभारी प्रधानाध्यापिका निलंबित Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UPkaMaster