फिरोजाबाद, हिन्दुस्तान संवाद। शिक्षाधिकारियों की सख्ती के बाद भी कई स्कूलों में शिक्षक पढ़ाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। कहीं पर शिक्षक गैरहाजिर हैं तो कहीं पर बीएसए को बच्चे टहलते हुए तथा शिक्षिकाएं बातचीत में व्यस्त दिखाई दी। इस पर दो शिक्षिकाओं एवं एक शिक्षामित्र से स्पष्टीकरण तलब किया है तो स्कूल से बगैर सूचना गैरहाजिर शिक्षकों पर कार्रवाई की जा रही है। बीएसए ने छात्रों से किताब पढ़वाकर एवं प्रश्न पूछकर शैक्षिक स्तर भी परखा।
शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अनिल कुमार ने प्राथमिक स्कूल अलीनगर कैंजरा में सुबह पौने नौ बजे निरीक्षण किया। पंजीकृत 35 में से 18 छात्र उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक रेनू अग्रवाल टीईटी परीक्षा के लिए विशेष अवकाश पर थे। स्कूल में साफ-सफाई नहीं थी। वहीं निरीक्षण के वक्त शिक्षिका मेघना यादव, नीतू कुमारी तथा शिक्षामित्र योगिता कुमारी एक कक्ष में बैठकर बात कर रहे थे। स्कूल परिसर में छात्र इधर-उधर टहल रहे थे। इस पर बीएसए ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए शिक्षिकाओं एवं शिक्षामित्र से तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं स्टाफ को स्कूल में साफ-सफाई कराते हुए छात्र उपस्थिति शत फीसद कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद बीएसए कंपोजिट स्कूल अलीनगर कैंजरा में बीएसए 9.10 बजे पहुंचे। शिक्षक नरेंद्र कुमार एवं अनुदेशक दीपक कुमार बगैर सूचना गैरहाजिर थे। दो शिक्षक टीईटी परीक्षा के लिए विशेष अवकाश पर थे। पंजीकृत 292 छात्र में से 107 उपस्थित मिले तथा अधिकांश यूनिफॉर्म में नहीं थे। स्कूल में ग्रांट के व्यय का विवरण दीवार पर अंकित नहीं मिला। शौचालय में ताला लगा था तथा साफ-सफाई नहीं थी। गैरहाजिर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूल में छात्र संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। प्राथमिक स्कूल अकबरपुर में साढ़े नौ बजे पंजीकृत 100 छात्रों में से 50 उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापिका टीईटी परीक्षा के लिए विशेष अवकाश पर थी। छात्र उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए।

