चुनावी साल में बेरोजगारों को असिस्टेंट प्रोफेसर के बंपर पदों पर भर्ती का मौका मिलेगा। प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2107 पदों पर भर्ती का अधियाचन मिला है।
उच्च शिक्षा निदेशालय ने विभिन्न महाविद्यालयों से मिली रिक्त पदों की सूचना उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के पोर्टल पर अपलोड कर दी है। इन पदों का विज्ञापन इसी महीने जारी होने की उम्मीद है।
पूर्व में जब उच्च शिक्षा निदेशालय ने महाविद्यालयों से रिक्त पदों का ब्योरा मांगा तो लगभग 1150 पद मिलने का अनुमान था। हालांकि हाल के दिनों में उच्च शिक्षा निदेशालय के स्तर से सख्ती बढ़ने के बाद महाविद्यालयों के प्रबंधकों ने और तकरीबन दो गुना रिक्त पदों का अधियाचन भेजा है।
