उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में समग्र शिक्षा योजना के तहत कार्यरत संविदा और प्रतिनियुक्ति कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय (समग्र शिक्षा, लखनऊ) की ओर से सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को निर्देश जारी किया गया है कि माह अगस्त 2026 के वेतन और मानदेय का भुगतान हर हाल में 31 अगस्त 2026 से पूर्व सुनिश्चित किया जाए।
SNA-SPARSH 2.0 सिस्टम लागू होने के कारण फैसला
समग्र शिक्षा योजना को अब SNA-SPARSH 2.0 (एसएनए स्पर्श) प्रणाली के माध्यम से संचालित करने की कार्यवाही शुरू की जा रही है। भारत सरकार से प्रथम मदर सेंक्शन प्राप्त हो चुकी है और राज्य सरकार से जल्द वित्तीय स्वीकृति जारी होने वाली है।
वित्तीय स्वीकृति के बाद 'इम्प्लीमेंटिंग एजेंसियों' की SNA-SPARSH पोर्टल पर मैपिंग की प्रक्रिया चलेगी, जिससे आगे भुगतान बाधित होने की संभावना है। इसी वजह से अगस्त महीने का भुगतान समय से पहले निपटाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इन कर्मियों को समय पर मिलेगा वेतन/मानदेय
इस आदेश से निम्नलिखित संविदा, प्रतिनियुक्ति और परियोजना से जुड़े कर्मियों को 31 अगस्त से पहले भुगतान मिलेगा:
- राज्य परियोजना कार्यालय (रा०प०का०) कर्मी
- शिक्षामित्र
- अनुदेशक
- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) शिक्षक
- विशेष शिक्षक
- जिला परियोजना कार्यालय एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यरत कर्मी
- ईसीसीई (ECCE) एजुकेटर
- एल०बी०डी० अनुदेशक आदि
राज्य परियोजना निदेशक (मोनिका रानी) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अपने स्तर पर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मानदेय भुगतान शेष न रहे।
