पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत गौतमबुद्धनगर समेत पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में होमगार्ड भर्ती के लिए होने वाली अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण के लिए निर्धारित चार, पांच व छह अगस्त की तिथियों में बदलाव का निर्णय किया है। होमगार्ड जवानों के इनरोलमेंट के लिए हुई भर्ती परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की अभिलेखों की जांच तथा शारीरिक मानक परीक्षण (डीवी/पीएसटी) सोमवार से आरंभ हो गई।
बोर्ड नौ जिलों के अभ्यर्थियों के जल्द नए प्रवेश पत्र जारी करेगा। अभिलेखों की जांच-परीक्षण परीक्षा निर्धारित तिथियों से अब पहले कराए जाने की तैयारी है। भर्ती बोर्ड ने गौतमबुद्धनगर के अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ व बागपत में परीक्षा के लिए निर्धारित तिथियों में बदलाव का निर्णय किया है। बोर्ड के अनुसार इन जिलों के लिए संशोधित तिथियों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर जल्द अपलोड किए जाएंगे। बोर्ड ने जांच की कार्यवाही सभी जिलों की पुलिस लाइन में 13 जुलाई से सात अगस्त के मध्य कराए जाने की घोषणा की थी।
