HIGHLIGHTS
- स्कूलों में 5 डे वर्किंग लागू करने का प्रस्ताव
- शनिवार और रविवार को स्कूल बंद रखने का सुझाव
- शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत विचार-विमर्श और जांच कराने की बात कही
पांच दिन स्कूल, दो दिन छुट्टी
Saturday-Sunday Holiday in School: मिली जानकारी के अनुसार नेशनल कॉन्फ्रेंस के पंपोर से विधायक हसनैन मसूदी ने स्कूलों में पांच दिन काम का प्रस्ताव रखा है। उनका कहना है कि मौजूदा शैक्षणिक व्यवस्था में विद्यार्थियों पर पढ़ाई का दबाव लगातार बढ़ रहा है। स्कूल के अलावा होमवर्क और अन्य अध्ययन संबंधी गतिविधियों में भी बच्चों को लंबा समय देना पड़ता है, जिससे सप्ताह के अंत तक वे शारीरिक और मानसिक रूप से थक जाते हैं।मसूदी ने सुझाव दिया कि यदि शनिवार और रविवार दोनों दिन स्कूल बंद रखे जाएं तो बच्चों को पर्याप्त आराम मिल सकेगा। इसके साथ ही उन्हें परिवार के साथ समय बिताने और अगले सप्ताह की पढ़ाई के लिए बेहतर तरीके से तैयार होने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा निदेशालय प्रस्ताव पर करेगी विचार
वहीं, विधायक मसूदी के सुझाव पर शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के पास विस्तृत जांच के लिए भेजा जाएगा। अब स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू और कश्मीर इस बात का आकलन करेंगे कि पांच दिवसीय स्कूल सप्ताह लागू करने से शिक्षा व्यवस्था पर क्या असर पड़ेगा।